
उदयपुर मे सोमवार देर रात हिरण मगरी क्षेत्र के पानेरियों की मादड़ी में भट्ट तलाई नोहरे के पास स्थापित 11 केवी डीपी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और इसके बाद वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से लगातार चिंगारियां निकलने लगीं और कुछ ही क्षणों में सूतली बम जैसे तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि करीब 15 मिनट तक लगातार धमाके होते रहे। ट्रांसफार्मर से निकल रही चिंगारियां और तेज आवाजें सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका सताने लगी। घटना के समय पास स्थित समाज के नोहरे में मांगलिक जागरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे और भोजन व्यवस्था भी चल रही थी। इसके अलावा नोहरे के बाहर कई वाहन खड़े थे। ऐसे में यदि आग फैलती या ट्रांसफार्मर फटता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। हालात को भांपते हुए स्थानीय लोगों और समाजजनों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। बिजली विभाग के कार्यालय को सूचना देकर तत्काल पावर कट कराया गया, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ने से बच गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित किया गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं करवाई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आवश्यक कार्रवाई और जांच के बाद देर रात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई।

02 Jun 2026